राजेश विक्रांत
मेरे १९ साल के छोटे पुत्र अभिनव की बचपन से ही इच्छा डॉक्टर बनने की है। मुझे याद आती है उसकी बातें जो कि वह ५-६ साल की उम्र से ही कहता चला आ रहा है। जब भी कोई पूछे कि बेटे बड़े होक र क्या बनोगे, वह तुरंत जवाब देता है-डॉक्टर। क्यों बनना चाहते हो? समाज सेवा करनेे के लिए। मेरी स्वर्गीय पिताश्री उसकी इस इच्छा व इस तरह के विचार व सोच से बेहद खुश व गर्वीले रहते थे कि मेरा यह नाती परिवार का पहला डॉक्टर बनने की अभिलाषा आज भी अपने मन में याद रखे हुए है। और वह समाज सेवा करने के लिए डॉक्टर बनना चाहता है। मेरे पिता जी का तो ४ नवंबर २००७ को स्वर्गवास हो गया। फिर भी आज भी हम उनकी इच्छा की पूर्ति के लिए प्रयास रत हैं और आज तक अभिनव भी अपनी इच्छा को असलियत का जामा पहनाने की जिद पर कायम है, वह एक भी मिनट के लिए अपनी आकांक्षा या अपनी मंजिल को भूला नहीं है। मैं उसके इस जज्बे को सलाम करता हूं कि आज जब डॉक्टरी का पेशा मानवता को समर्पित पेशा नहीं रह गया है। फिर भी अभिनव समाज सेवा करने के लिए डॉक्टर बनना चाहता है। मैं और मेरी पत्नी शर्मिला जब भी उसे समझाते हैं तब एक बात जरूर कहते हैं कि बेटा इस नोबल पेशे की नैतिकताओं को कभी भूलना नहीं।
मेरी ईश्वर से हमेशा प्रार्थना रहती है कि डॉक्टरी का पेशा मानवता का पेशा बना रहे। वैसे तो डॉक्टरी का पेशा इंसानियत व नैतिकता से परिपूर्ण माना जाता है पर इसकी परवाह आज की भौतिकतावादी दुनिया में इसकी परवाह करने वाले कम ही मिलते हैं। और ऐसे हालात देश दुनिया के विभिन्न हिस्सों में गाहे-बगाहे दिखते रहते हैं। गलत दवाएं , गलत या गैरजरूरी ऑपरेशनों के भंवरजाल में मेडिकल प्रोफेशनल्स मरीजों को उलझा कर उन्हें शारीरिक व आर्थिक दोनों रूपों से लाचार बनाने की कोशिश या षडयंत्र में लगे रहते हैं, ऐसी खबरें अब मीडिया में आम हो गई हैं। अब इक्कीसवीं सदी के दूसरे दशक में यह सवाल बड़ा सामयिक हो गया है कि हम लापरवाह व लालची डॉक्टरों की बढ़ती जमात पर आखिर कैसे लगाम लगाएं?
मैं पिछले साल यानी २०१० के जुलाई महीने का एक निजी अनुभव आप सबसे बांटना चाहता हूं। मेरा साला गुड्डू मई महीने में दवा कराने के लिए मेरे पास मुंबई आया। हम उसके इलाज के सिलसिले में एक डॉक्टर से मिले। पहले तो डॉक्टर ने कई हजार रुपए के अनाप-शनाप टेस्ट करवा दिए। ऐसे टेस्ट जिनकी जरूरत शायद ही रही हो। टेस्ट तक बात सीमित रहती तो गनीमत। लेकिन डॉक्टर महोदय उतने में थोड़े संतुष्ट होने वाले नहीं थे। उनकी लालच का दायरा काफी विस्तृत था। डॉक्टर की इस भयंकर व अमानवीय लालच ने एक निजी नर्सिंग होम में ऐसा ऑपरेशन करवाने पर भी मजबूर कर दिया जिसकी कोई जरूरत नहीं थी। लेकिन यहां पर डॉक्टर, सर्जन व नर्सिंंग होम की तिकड़ी को तो लूटपाट करना था। उन्हें मरीज के अच्छा होने से कोई मतलब नहीं था। उन्हें तो अपनी जेब भरनी थी। वे सभी लालच के वशीभूत थे। भले ही वे अनैतिक या लुटेरे कहे जाएं, क्या फर्क पड़ता है? यह मामला जानबूझ कर की गई लापवाही की अक्षम्य मिसाल था। जो इलाज कुछ हजार रुपए में किया जा सकता था, उसमें मेरे अंतत: १ लाख रुपए से ज्यादा खर्च हो गए और इन दुष्कर विषम परिस्थितियों श्री गुड्डू उर्फ प्रदीप बुरी तरह से ऐसे फंस गए कि उनकी जान पर बन आई। तकरीबन दो महीने तक मरीज, परिजनों, व रिश्तेदारों को शारीरिक व मानसिक परेशानी जो झेलनी पड़ी वह अलग रही।
चिकित्सकों की बिरादरी के लापरवाही के किस्से हम सुनते ही रहे हैं। यह बात सही है कि गलतियां इंसान से ही होती हैं। पर जब मेडिकल साइंस में मानवीय भूलों का मतलब किसी की जान से खेल जाना या उसे आजीवन अपंग अथवा बेकार कर देना हो जाए तब मामले को गंभीर नजरिए से देखने की जरूरत है। दरअसल, यहां पर एक खात बात को ध्यान रखना भी जरूरी है कि किसी जेनुइन गलती या अनजाने में हुई त्रुटि और मरीज के प्रति जानबूझकर की गई लापरवाही अथवा ज्यादा पैसा खींचने के लिए किए गए कृत्य के बीच बहुत बड़ा अंतर होता है। यहां पर हम मानते हैं कि अब जमाना काफी आगे बढ़ चुका है। मैडिकल साइंस ने काफी तरक्की कर ली है। विज्ञान व तकनीक की वजह से मरीजों का निदान व उपचार अत्यंत सरल व सहज हो चुका है। और आज गंभीर से गंभीर बीमारियों का उपचार धड़ल्ले से होता है तथा प्राचीन काल के उपचार की पुरानी परंपराएं अब जा चुकी हैं और उनका स्थान फॉम्र्स, बीमा, वेलनेस इंश्योरेंस, हेल्थ केयर, कॉर्पोरेट मेडिसिन व बोर्डरूम मेडिकल के नवीनतम विशेषज्ञों ने लिया है। पर इसका मतलब यह तो नहीं होना चाहिए कि चूकों के जरिए किसी की जान पर बन आने वाला माहौल पैदा करना जरूरी है।
मरीज व उसके परिवार के लोगों और चिकित्सकीय बिरादरी के बीच के वातावरण की भी बात आना यहां पर आवश्यक है। ध्यान रहे कि मास मेडिसिन में गलतियों की मात्रा ज्यादा ऊंची रहने की संभावना होती है। हालांकि तब मरीज असहाय होता और कुछ भी कर सकने में असमर्थ होता है फिर भी वह डॉक्टरों के निर्देश का पालन करता है और वह औसत से नीचे गुणवत्ता वाली देख-रेख के लिए भी अपनी नाक तक भुगतान करने के लिए अभिशप्त होता है। इन्हीं कारणों से अब यह कहा जाने लगा है कि स्वास्थ्य को अब मानवीय कमजोरियों का लाभ उठाने हेतु एक बड़े मौके के रूप में उपयोग किया जाने लगा है। जब आप बीमार होते हैं तो विरोध करने की आपकी क्षमता स्वयमेय कम हो जाती है और उस समय आप सिर्फ अच्छा महसूस करना चाहते हैं। एक मरीज के रूप में आपके पास खिलाफत करने का विकल्प न के बराबर होता है।
यहां पर ध्यान रहे कि सर्जरी की विविध शाखाओं व संज्ञाहरण विज्ञान यानी एनेस्थिजियोलॉजी में हुई दिनों-दिन प्रगति के परिणामस्वरूप आज कोई भी किसी प्रकार का भी ऑपरेशन करवाना सामान्य बात हो गई है। कुशल व अनुभवी सर्जन के सधे हुए हाथों में न सिर्फ आज ऑपरेशन अधिक सुरक्षित हो गए हैं बल्कि नई उन्नत तकनीकों से यह प्रयास भी लगातार किया जा रहा है कि ऑपरेशन के समय कम से काट-छांट करने की नौबत आए ताकि मरीज जल्द से जल्द ठीक होकर अपने घर लौट सके। इसके बावजूद भी अगर चिकित्सकीय भूलें होती रहती हैं तो इसे अपने आप में बहुत बड़े मजाक व विसंगति के अलाव और क्या कहा जाए?
पूरी दुनिया जानती है कि रेफरल बिजनेस वास्तव में मेडिकल प्रैक्टिशनरों के गिरोह के बीच लूटपाट चलाने का एक जरिया है क्योंकि ज्यादातर तो एक-दूसरे के मरीज को उड़ाने के चक्कर में रहते हैं। हम यह भी जानते हैं कि हरेक प्रैक्टिशनर्स में फालतू, बिना मतलब के व काफी मंहगे अनगिनत टेस्ट करवाने की होड़ लगी रहती है। हरेक टेस्ट काफी मंहगे होते हैं और कभी-कभार तो उनका उपयोग उपचार में होता ही नहीं पर इसमें चक्कर कमीशन का रहता है। लेकिन इन सबसे बीमारी के निदान की किसी भी प्रकार की गारंटी नहीं होती। और मेडिकल एस्टेब्लिशमेंट की ओर से इस बारे में हकीकतन कोई जवाबदेही भी नहीं तय की गई है। पीडि़त यदि चाहे तो अदालत की शरण ले सकता है पर कौन इस समय खाऊ झंझट में पडऩा चाहता है? सब अपना हाथ साफ रखना चाहते हैं।
इन हालातों में मानवीय भूलों के जोखिम को न्यूनतम करने के लिए कम से कम कुछ तो कदम उठाने ही होंगे। इसमें पहला व सबसे बड़ा कदम स्व जागरूकता है। यानी हम जागरूक बनें व हम सावधान रहें ताकि ऐसे हालातों को टाला जा सके। जानकारों का कहना है दुनिया भर में जितने मरीजों की इलाज के इौरान मृत्यु होती है या कि उपचार के दौरान उनकी हालत बिगड़ जाती है अथवा वे अपंग हो जाते हैं। उसमें सबसे बड़ा कारण उपचार कर रहे डॉक्टरों की गलतियां भी हैं यानी कि पेशेंट की अर्ली डेथ, पैरालिसिस अटैक या इंजरी के अग्रणी कारणों में से एक चिकित्सकीय गलतियां भी हैं। गलत डाइगनोसिस से उपचार में देरी होगी जिससे कि मरीज के ठीक होने की बात कौन कहे अर्ली डेथ भी संभव है। अर्थात मरीज अस्पताल तो इसलिए गया था कि वह वहां से सेहतमंद होकर सकुशल अपने घर लौट आए .. पर ऐसा नहीं हुआ। घर लौटी उसकी लाश। डॉक्टरों की भूल या लापरवाही से उसे अपनी जान असमय गंवानी पड़ गई। यानी विशेषज्ञ ने जहां बीमारी का गलत संकेत पकड़ा वहां बीमार इंसान को तकलीफें बढ़ जाती हैं। अब यह एकदम मानी हुई बात है कि जो चिकित्सकीय गलतियंा होती हैं उन्हें रोका जा सकता है, ऐसी गलतियों को टाला जा सकता है बशर्ते मरीज अपने स्तर पर जागरूकता दिखाए। वह सावधानी दिखाए। दरअसल, यदि मरीज जागरूक नहीं है और वह गैर अंतर्भूत व गैर-सूचित है तो इस बात की ज्यादा संंभावना है कि वह डॉक्टर की उपचार प्रणाली को स्वीकार कर ले पर जागरूक मरीज के ऐसा करने की कम संभावना है। मरीज को यह हक भी है कि वह डॉक्टर से उपचार या ऑपरेशन के बारे में खुल कर व ज्यादा से ज्यादा सवाल पूंछे। यह उसका नैतिक अधिकार है। इसका पालन करने से आप चिकित्सकीय गल्तियों के शिकार होने से अपने को बचा सकते हैं और एक यही रास्ता है यानी स्व जागरूकता ही एकमात्र जरिया है जिसके माध्यम से आप, हालांकि सब डॉक्टर ऐसे नहीं होते, पर जो होते हैं उनकी पहचान करना सरल भी नहीं हैं, लिहाजा सावधान रहकर आप लालची व लापरवाह डॉक्टरों पर लगाम लगा सकते हैं।
इस विचार के अंत में मैं एक बार फिर अपने पुत्र अभिनव की प्रतिबद्धता को सलाम करता हूं और मेरी शुभकामनाएं हैं कि उसकी इच्छा जल्दी से जल्दी पूरी हो।
this is best massage for our youth
जवाब देंहटाएं